बीकानेर। 26 मई 2026
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सांचू पोस्ट पहुंचे, जहां उन्होंने सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। अमित शाह ने जवानों से “राम-राम” कहकर संवाद किया और देश की रक्षा में शहीद हुए सीमा प्रहरियों को नमन किया।
अमित शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बीएसएफ ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात जवान तेज गर्मी, बारिश, बर्फबारी और कठिन परिस्थितियों में देश की सुरक्षा कर रहे हैं, जिस पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केन्द्र सरकार बीएसएफ को आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
सांचू पोस्ट पर आयोजित प्रहरी सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि सीमा सुरक्षा के लिए बीएसएफ, सेना, जागरूक नागरिक और प्रशासन मिलकर मजबूत “चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड” तैयार करें। उन्होंने सीमापार घुसपैठ, स्मगलिंग और ड्रोन गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जवानों के साथ जलपान भी किया। अमित शाह ने सीमा चौकियों पर महिला जवानों के लिए तैयार 14 नई बैरकों का ई-लोकार्पण किया। उन्होंने आधुनिक ड्रोन तकनीक और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
इससे पहले अमित शाह ने सांचू माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने खेजड़ी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पौधारोपण किया।
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक बीएसएफ जवानों द्वारा 7 करोड़ 35 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने दो हजार से अधिक शहीद सीमा प्रहरियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश को उनके बलिदान पर गर्व है।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में बेटियां भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राजस्थान की सीमा चौकियों पर महिला जवानों के लिए 40 करोड़ रुपये की लागत से 79 बैरक बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 67 का काम पूरा हो चुका है।
अमित शाह ने सांचू पोस्ट के ऐतिहासिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1965 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय जवानों ने पाकिस्तान के कब्जे की कोशिश को नाकाम करते हुए सांचू पोस्ट की रक्षा की थी। यह पोस्ट भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नई सड़कें, आधुनिक फेंसिंग और पेयजल जैसी सुविधाओं पर तेजी से काम कर रही है। आने वाले समय में बॉर्डर पर ड्रोन रोधी सिस्टम भी लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, गृह सचिव गोविन्द मोहन, बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सेना के जवान मौजूद रहे।
