जयपुर, 21 मई। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान की राजनीति गरमा गई है। गुरुवार को कांग्रेस ने जयपुर में बीजेपी प्रदेश मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी देखने को मिली।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय से रैली निकालकर बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए NTA को भंग करने की भी मांग उठाई। पार्टी नेताओं का कहना है कि लगातार पेपर लीक की घटनाएं परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पेपर लीक प्रकरण में सत्ता से जुड़े लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने दावा किया है कि परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित कराई गई थी और मामले की जांच जारी है। एजेंसी के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
हाल ही में राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का NEET परीक्षा रद्द होने पर दिया गया बयान भी विवादों में आ गया था, जिसके बाद विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर बना हुआ है।
