नई दिल्ली 21 मई। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नाम तेजी से वायरल हो रहा है — “Cockroach Janta Party” यानी CJP। मीम्स, रील्स और व्यंग्यात्मक पोस्ट के जरिए शुरू हुई यह डिजिटल मुहिम अब युवाओं के बीच बड़े ट्रेंड के रूप में उभर रही है। कुछ ही दिनों में इस पेज ने करोड़ों फॉलोअर्स जुटाकर बड़ी राजनीतिक पार्टियों को भी सोशल मीडिया पर चुनौती दे दी है।
![]()
किसने बनाई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’
इस वायरल डिजिटल अभियान की शुरुआत अभिजीत दीपके नाम के युवक ने की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिजीत पहले राजनीतिक सोशल मीडिया कैंपेनिंग से जुड़े रहे हैं और अमेरिका में पब्लिक रिलेशंस की पढ़ाई भी कर चुके हैं।
आखिर नाम ‘कॉकरोच’ क्यों रखा गया
बताया जा रहा है कि हाल ही में युवाओं और बेरोजगारी से जुड़ी बहस के दौरान “कॉकरोच” शब्द को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद हुआ था। इसके बाद कई युवाओं ने उसी शब्द को व्यंग्य और विरोध के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। इसी से प्रेरित होकर “Cockroach Janta Party” नाम सामने आया।
इतनी तेजी से क्यों बढ़ रहे फॉलोअर्स
CJP का कंटेंट पूरी तरह Gen-Z और सोशल मीडिया यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। बेरोजगारी, एग्जाम पेपर लीक, सिस्टम से नाराजगी और राजनीतिक व्यंग्य जैसे मुद्दों को मीम्स और रील्स के जरिए पेश किया जा रहा है। यही वजह है कि युवा बड़ी संख्या में इससे जुड़ रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार कुछ दिनों में ही इसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स लाखों से बढ़कर करोड़ों तक पहुंच गए। कई रिपोर्ट्स में यह संख्या 6 मिलियन से 10 मिलियन के बीच बताई गई है।
क्या यह असली राजनीतिक पार्टी है
फिलहाल “Cockroach Janta Party” को आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं माना जा रहा। यह मुख्य रूप से एक डिजिटल और व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया मूवमेंट है, जो युवाओं की नाराजगी और सिस्टम पर कटाक्ष को इंटरनेट के जरिए सामने ला रहा है। हालांकि इसकी लोकप्रियता ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा बढ़ा दी है।
सोशल मीडिया पर मीम्स से आंदोलन तक
दिल्ली में कुछ युवाओं द्वारा कॉकरोच कॉस्ट्यूम पहनकर सफाई अभियान चलाने की तस्वीरें भी वायरल हुईं, जिसके बाद यह ट्रेंड और ज्यादा चर्चा में आ गया।
