जयपुर में मेट्रो विस्तार योजना पर मंथन, प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने पर जोर
जयपुर, 20 मार्च। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जयपुर मेट्रो परियोजना की समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो विस्तार के आगामी चरणों की योजना बनाते समय शहर के प्रमुख स्थानों और बढ़ती जनसंख्या घनत्व को प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन को सुगम और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
आमेर, जगतपुरा और हीरापुरा तक मेट्रो विस्तार की तैयारी
बैठक में वर्ष 2025-26 के बजट में घोषित जगतपुरा और वैशाली नगर मेट्रो विस्तार की डीपीआर पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने प्रस्तावित एलाइनमेंट का प्रस्तुतीकरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मेट्रो विस्तार के लिए आमेर, बगराना (आगरा रोड), जगतपुरा और आईएसबीटी हीरापुरा तक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जाए, ताकि शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
एलिवेटेड रोड परियोजना पर JDA और मेट्रो मिलकर करेंगे काम
मुख्यमंत्री ने अरण्य भवन से जगतपुरा तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना पर विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और जयपुर मेट्रो आपसी समन्वय से कार्य करें, जिससे परियोजना समय पर पूरी हो सके।
समयबद्ध विकास और लागत नियंत्रण पर जोर
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मेट्रो परियोजनाओं का विकास समयानुकूल और नियंत्रित लागत में होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने मेट्रो फेज-2, फेज-1C (बड़ी चौपड़–ट्रांसपोर्ट नगर) और फेज-1D (मानसरोवर–अजमेर रोड चौराहा) की प्रगति की भी समीक्षा की।
बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं जयपुर मेट्रो और जेडीए के अधिकारी मौजूद रहे।
