जयपुर, 19 मार्च 2026। भजनलाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में राजस्थान दिवस के अवसर पर राजधानी जयपुर स्थित अल्बर्ट हॉल संग्रहालय परिसर में राज्य स्तरीय भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकारों ने लोक गायन और पारंपरिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसने बड़ी संख्या में उपस्थित आमजन को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री की पहल पर चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर मनाए गए राजस्थान दिवस समारोह में पद्मश्री अनवर खां मांगणियार एवं दल तथा पद्मश्री तगाराम भील एवं दल ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया।

लोक संस्कृति की शानदार झलक
100 से अधिक लोक कलाकारों और कथक नृत्यांगनाओं ने मंच पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में घूमर, गैर, चरी, कच्छी घोड़ी और कालबेलिया जैसे पारंपरिक लोक नृत्यों ने दर्शकों को राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराया।
इस अवसर पर राज्य सरकार के दो वर्ष से अधिक के जनसेवा कार्यकाल और उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
आतिशबाजी ने बढ़ाया उत्साह
करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले इस भव्य आयोजन का समापन रंग-बिरंगी आतिशबाजी के साथ हुआ। रोशनी से जगमगाते अल्बर्ट हॉल की भव्यता देखते ही बन रही थी और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बन गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनकी कला की सराहना की।
गणमान्यजन रहे मौजूद
समारोह में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
