अब टपूकड़ा से दौड़ेगी Honda की इलेक्ट्रिक कार, इसी साल शुरू होगा उत्पादन
जयपुर, 14 मार्च 2026। राजस्थान में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में Honda Cars India Limited के पहले ईवी मॉडल ‘Honda 0 Alpha’ का अनावरण किया। कंपनी का पहला इलेक्ट्रिक वाहन टपूकड़ा स्थित संयंत्र में बनेगा, जिसका उत्पादन इसी वर्ष शुरू होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान को होण्डा के पहले इलेक्ट्रिक वाहन उत्पादन के लिए चुना जाना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह राज्य की प्रभावशाली निवेश नीतियों पर वैश्विक विश्वास का बेहतरीन प्रमाण है।
ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरित ऊर्जा और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने बताया कि सितंबर 2024 में जापान यात्रा के दौरान ‘Make in India for the World’ के आह्वान के तहत होण्डा को राजस्थान में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया था। कंपनी ने इसे स्वीकार करते हुए यहां ईवी उत्पादन शुरू करने का निर्णय लिया।
टपूकड़ा बनेगा प्रमुख उत्पादन केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि होण्डा का टपूकड़ा संयंत्र इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रमुख उत्पादन केंद्र बनने जा रहा है। इससे राजस्थान में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता भी कम होगी।
स्वच्छ परिवहन के लिए सरकार की पहल
राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी खरीद पर अनुदान, सिंगल विंडो सिस्टम और चार्जिंग स्टेशन की स्थापना जैसे कदम उठा रही है। साथ ही राजस्थान वाहन स्क्रैपिंग नीति के तहत 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने और नए वाहन खरीदने पर भी छूट दी जा रही है।
बैठक में ताकाशी नाकाजिमा, प्रेसिडेंट एवं सीईओ, Honda Cars India Limited ने बताया कि टपूकड़ा संयंत्र भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए कारों का महत्वपूर्ण उत्पादन केंद्र है और यहां बने इलेक्ट्रिक वाहन कई देशों में निर्यात भी किए जाएंगे।
