जयपुर, 15 मार्च 2026।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि नियमित दौड़ लगाना स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। दौड़ से दिनभर ऊर्जा बनी रहती है, स्वास्थ्य बेहतर रहता है और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ दिनचर्या अपनाने और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री रविवार को राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में जयपुर स्थित अमर जवान ज्योति से आयोजित ‘विकसित राजस्थान रन-2026’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर में आयोजित रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ में हिस्सा लेकर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया अभियान ने देशवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है। यदि प्रदेशवासी एक कदम आगे बढ़ेंगे तो राजस्थान कई गुना आगे बढ़ेगा।

राजस्थान दिवस नई परंपरा के साथ
उन्होंने बताया कि 30 मार्च 1949 को सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में विभिन्न रियासतों के एकीकरण से वृहद राजस्थान की स्थापना हुई थी। राज्य सरकार ने पिछले वर्ष से राजस्थान दिवस को तिथि अनुसार मनाने की नई परंपरा शुरू की है और इस वर्ष 19 मार्च (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) को पूरे प्रदेश में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत‑2047 के विजन के अनुरूप राज्य सरकार विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य पर कार्य कर रही है, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे।
युवाओं के सशक्तीकरण पर जोर
सरकार युवाओं के लिए नई युवा नीति, ब्याज मुक्त ऋण और रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने के लक्ष्य पर कार्य जारी है। अब तक 1.25 लाख नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और बड़ी संख्या में भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
कार्यक्रम में विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा व आमजन उपस्थित रहे।
