जयपुर | 12 मार्च 2026 / राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय ‘विकसित राजस्थान रन 2026’ की तैयारियों को लेकर गुरुवार को Sawai Mansingh Stadium में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव नीरज के. पवन ने की।
15 मार्च को होगा राज्य स्तरीय आयोजन
मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma की पहल पर पिछले वर्ष से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी। इसी क्रम में इस वर्ष 14 से 19 मार्च तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
15 मार्च को जयपुर में राज्य स्तरीय विकसित राजस्थान रन का आयोजन होगा, जिसे मुख्यमंत्री द्वारा फ्लैग ऑफ किया जाएगा। साथ ही सभी जिलों में भी रन आयोजित की जाएगी।
अधिकतम जनभागीदारी पर जोर
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। आमजन, युवाओं और छात्र-छात्राओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि यह आयोजन जन उत्सव के रूप में सफल हो सके।
यह रहेगा रन का रूट
रन की शुरुआत Amar Jawan Jyoti (जनपथ) से होगी।
मार्ग इस प्रकार रहेगा —
अमर जवान ज्योति → सवाई मानसिंह स्टेडियम चक्कर → टोंक रोड → रामबाग सर्किल → Dr. B. R. Ambedkar Circle → पुनः अमर जवान ज्योति।
50 हजार युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य
इस आयोजन में लगभग 50 हजार युवाओं के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट एवं गाइड, एनवाईकेएस सहित विभिन्न संस्थाओं के युवा एवं खिलाड़ी भाग लेंगे।
बैठक में स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, उच्च शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
