जयपुर, 4 मार्च। राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आमजन के साथ हर्षोल्लास और उत्साह के बीच होली का पर्व मनाया। आयोजित होली महोत्सव में प्रदेशभर से हजारों लोग शामिल हुए और फूलों व प्राकृतिक रंगों के साथ रंगोत्सव का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री ने सपत्नीक आमजन को गुलाल लगाकर एवं फूलों की वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया तथा प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान लोगों में मुख्यमंत्री के साथ होली खेलने का विशेष उत्साह देखने को मिला। किसी ने साफा और दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया तो किसी ने अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। कई लोगों ने हाथों से बनी पिचकारी और गुलाल गोटा भेंट कर उत्सव की खुशी साझा की।

होली महोत्सव में प्रदेश की विविध लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली। ब्रज क्षेत्र से आए भारतीय कला संस्थान के कलाकारों एवं भजन मंडली ने गायन-नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया, वहीं शेखावाटी के फतेहपुर की गोवत्स फाग मंडली ने चंग की थाप पर पारंपरिक फाग गीतों से माहौल को उत्सवी बना दिया। मुख्यमंत्री भी कलाकारों के बीच पहुंचे और फाल्गुनी गीतों का आनंद लिया।

बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रंगों का यह त्योहार प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देता है तथा सभी को कटुता भुलाकर खुशियों के साथ जीवन जीने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, विधायक कुलदीप धनखड़, गोपाल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
