जयपुर | 10 फरवरी 2026 | राजस्थान की उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को अंतिम रूप दे दिया है। यह बजट 11 फरवरी (बुधवार) को सुबह 11 बजे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।
मंगलवार को उप मुख्यमंत्री कार्यालय में बजट को लेकर अंतिम स्तर की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं, प्राथमिकताओं और राजस्व-व्यय से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा के बाद बजट को अंतिम मंजूरी दी गई।
इस मौके पर प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया, शासन सचिव वित्त (व्यय) टीना सोनी, शासन सचिव वित्त (बजट) राजन विशाल, शासन सचिव वित्त (राजस्व) कुमारपाल गौतम और निदेशक वित्त (बजट) बृजेश किशोर शर्मा मौजूद रहे।
बजट को लेकर सरकार की ओर से प्रदेश के आर्थिक विकास, आधारभूत ढांचे, सामाजिक कल्याण और वित्तीय अनुशासन पर विशेष फोकस रहने की उम्मीद जताई जा रही है। अब सभी की नजरें बुधवार को विधानसभा में पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं, जो प्रदेश की दिशा और दशा तय करेगा।
