दिल्ली | 19 जनवरी 2026
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) प्रथम भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन (IICDEM-2026) की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। यह तीन दिवसीय वैश्विक सम्मेलन 21 से 23 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान द्वारा किया जा रहा है।
आईआईसीडीईएम-2026 लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में भारत द्वारा आयोजित अब तक का सबसे बड़ा अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। इसमें 70 से अधिक देशों के लगभग 100 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, भारत में विदेशी मिशनों, तथा चुनावी क्षेत्र से जुड़े अकादमिक एवं व्यावहारिक विशेषज्ञों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।
सम्मेलन का उद्घाटन 21 जनवरी 2026 को किया जाएगा, जहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी प्रतिनिधियों का स्वागत करेंगे।
तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान 36 विषयगत सत्र, पूर्ण सत्र, कार्य समूह बैठकें और वैश्विक चुनावी मुद्दों पर केंद्रित चर्चाएं आयोजित होंगी। इन सत्रों में चुनावी प्रक्रियाओं में नवाचार, अंतर्राष्ट्रीय चुनावी मानक और सर्वोत्तम प्रथाओं पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) के नेतृत्व में गठित विषयगत समूहों में 4 आईआईटी, 6 आईआईएम, 12 राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (NLU) और आईआईएमसी जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
इसके अलावा, भारत निर्वाचन आयोग विभिन्न देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के साथ 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकें आयोजित करेगा। इस अवसर पर आयोग अपने सभी चुनावी सूचना और सेवाओं के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म “ECINET” का औपचारिक शुभारंभ भी करेगा।
सम्मेलन के दौरान एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारत में चुनाव संचालन की व्यापकता, जटिलता तथा मतदाता सूची निर्माण और चुनाव प्रबंधन को मजबूत करने के लिए आयोग द्वारा की गई हालिया पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
साथ ही, लोकसभा चुनाव 2024 पर आधारित वृत्तचित्र श्रृंखला “India Decides” का प्रदर्शन भी पहले दिन किया जाएगा।
