जयपुर, 1 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित 4 जुलाई राजस्थान दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध, सुचारु और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस, गृह, ऊर्जा, माइंस एवं पेट्रोलियम, सूचना प्रौद्योगिकी, जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं संबंधित जिलों के संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल से लेकर सुरक्षा तक हर व्यवस्था की समीक्षा
बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें कार्यक्रम स्थल, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सेवाएं, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की गई।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ प्रत्येक व्यवस्था को अंतिम रूप देने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
पचपदरा रिफाइनरी का करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश की महत्वपूर्ण रिफाइनरी परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वे 1.01 लाख करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित 53 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने बैठक में बताया कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के लिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित कर ली गई हैं। सभी सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं ताकि कार्यक्रम सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
समय पर पूरी होंगी सभी तैयारियां
जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के जोधपुर और बालोतरा दौरे से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी की जा रही हैं। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम का सफल और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
