खैरथल-तिजारा, 12 मई । जिले के कोटकासिम थाना क्षेत्र में बारात के दौरान हर्ष फायरिंग करना चार युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और एक क्रेटा गाड़ी जब्त की है। यह कार्रवाई खैरथल-तिजारा पुलिस की विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक खैरथल-तिजारा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी किशनगढ़ बास की निगरानी में कोटकासिम थाना पुलिस टीम ने बेगमपुर गांव में बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की सूचना पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन कुमार (33), रोहित (30), विपुल (26) और वेदप्रकाश (28) निवासी भैंसवाल कलां, जिला सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक 12 बोर बंदूक, दो जिंदा कारतूस, एक रिवॉल्वर, नौ जिंदा कारतूस, दो खाली खोखे और एक क्रेटा गाड़ी बरामद की है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं अपराध की श्रेणी में आती हैं और इससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

