जबलपुर, 02 मई 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए नाव पलटने की दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में जानमाल के नुकसान पर उन्होंने संवेदना जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों के साथ पूरा देश खड़ा है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए भरोसा दिलाया कि स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है। इसके तहत प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इस हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताया और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
