जयपुर/कोटा, 7 मार्च 2026। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शिलान्यास के बाद अधिकारियों की बैठक लेकर एयरपोर्ट निर्माण और आसपास के क्षेत्रों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के आसपास व्यापक विकास का रोडमैप तैयार किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (RIICO) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट के दो वर्षों के निर्माण काल के दौरान ही आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास की ठोस योजना तैयार की जाए।
उन्होंने कोटा और बूंदी के जिला कलेक्टरों को निर्देश देते हुए कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हुए निवेश एमओयू की नियमित समीक्षा की जाए और उनकी मॉनिटरिंग कर जल्द से जल्द उन्हें धरातल पर उतारा जाए।
बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट से कोटा और बूंदी शहर की कनेक्टिविटी को और अधिक सुगम और विश्वस्तरीय बनाने के लिए संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लालसोट-दौसा मेगा हाईवे के चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर भी कार्य करने को कहा, ताकि यातायात सुगम हो और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा कि ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के आसपास के पूरे क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को तलाशा जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और व्यापार के अधिक अवसर मिल सकें।
निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
बैठक में ओम बिरला ने भी अधिकारियों को एयरपोर्ट निर्माण कार्यों की नियमित और सख्त मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि यह परियोजना भविष्य की जरूरतों पर पूरी तरह खरा उतर सके।
बैठक में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
