कोटा/नई दिल्ली, 7 मार्च 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो संदेश के माध्यम से कोटा में बनने वाले नए विमान पत्तन की आधारशिला रखी। करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक एयरपोर्ट कोटा सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र—कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़—के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए नई उम्मीद और नई उपलब्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विमान पत्तन के शुरू होने से यात्रा सुविधाजनक होगी और व्यापार तथा निवेश के अवसर तेजी से बढ़ेंगे।हाड़ौती क्षेत्र के लिए विकास का नया अध्याय
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान तेजी से प्रगति कर रहा है और कोटा का यह नया एयरपोर्ट क्षेत्रीय आर्थिक और औद्योगिक विकास को गति देगा। उन्होंने याद दिलाया कि नवंबर 2023 में कोटा यात्रा के दौरान लोगों से किया गया यह वादा अब पूरा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अभी तक हवाई यात्रा के लिए लोगों को जयपुर या जोधपुर जाना पड़ता था, लेकिन एयरपोर्ट बनने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी।
शिक्षा, ऊर्जा और उद्योग का केंद्र है कोटा
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोटा देश में शिक्षा और ऊर्जा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां परमाणु, कोयला, गैस और जल स्रोतों से बिजली उत्पादन होता है।
उन्होंने कोटा डोरिया साड़ी, कोटा पत्थर और बूंदी के बासमती चावल जैसे स्थानीय उत्पादों की भी सराहना करते हुए कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से इनकी वैश्विक पहचान और मजबूत होगी।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं। यहां श्री मथुराधीश मंदिर, गराडिया महादेव और मुकुंदरा हिल्स जैसे महत्वपूर्ण स्थल हैं। बेहतर हवाई संपर्क से देश-विदेश के पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय युवाओं और व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
कनेक्टिविटी में तेजी से आगे बढ़ रहा कोटा
प्रधानमंत्री ने बताया कि कोटा में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है।
-
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कोटा के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
-
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से भी क्षेत्र को नई आर्थिक गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सड़क और रेल के बाद अब हवाई संपर्क का नया अध्याय क्षेत्र के विकास को और तेज करेगा।
देश में तेजी से बढ़ रहा विमानन नेटवर्क
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में विमानन क्षेत्र का तेजी से विस्तार हुआ है। 2014 में जहां देश में लगभग 70 एयरपोर्ट थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो चुकी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कोटा का यह नया विमान पत्तन भी क्षेत्रीय विकास का बड़ा केंद्र बनेगा और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा।
