एनसीआर संदेश /अलवर। शहर में इस बार दशहरे का उत्सव बारिश के बीच मनाया गया। दोपहर में हुई जोरदार बरसात के कारण दशहरा मैदान में रखे गए रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाथ के पुतले भीग गए। कारीगरों ने पुतलों को बचाने के लिए तिरपाल से ढकने की काफी कोशिश की, लेकिन कई हिस्से गीले हो गए।
इसके बावजूद शाम होते ही दशहरा मैदान में हजारों की भीड़ उमड़ी और परंपरा के अनुसार भगवान श्रीराम ने रावण पर तीर चलाकर बुराई के अंत का संदेश दिया। रावण के साथ ही कुम्भकर्ण और मेघनाथ के पुतले भी धधक उठे।
बारिश से गीले होने के बावजूद पुतलों का दहन सफलतापूर्वक हुआ और लोगों ने जय श्रीराम के उद्घोष के बीच विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया।
समारोह में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य मंत्री संजय शर्मा, विधायक सुखवंत सिंह, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, अशोक सैनी, पुरुषार्थी समिति के अध्यक्ष कुलदीप कालरा, हरमित सिंह मेहंदीरता सहित कई अन्य लोग शामिल हुए।