जयपुर | 12 मार्च 2026 / सचिवालय स्थित Rajasthan Sampark Helpline 181 के कंट्रोल रूम का गुरुवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका ने निरीक्षण किया और अधिकारियों की बैठक लेकर शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
एसीएस रांका ने कहा कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि परिवादियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। उन्होंने विभागीय योजनाओं को पोर्टल के सब्जेक्ट में शामिल करने तथा पुराने एवं अनुपयोगी विषयों की समीक्षा कर हटाने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।
एक वर्ष में 10 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज
बैठक में बताया गया कि 12 मार्च 2025 से 11 मार्च 2026 तक उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग से संबंधित 10,341 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 9,317 मामलों (90.10%) का निस्तारण किया जा चुका है। शिकायतों के समाधान का औसत समय 27 दिन रहा तथा लगभग 64 प्रतिशत परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि जताई।
परिवादियों से सीधा संवाद, मौके पर समाधान
सचिवालय की लाइब्रेरी बिल्डिंग स्थित कंट्रोल रूम निरीक्षण के दौरान एसीएस ने स्वयं परिवादियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
-
करौली के रामचन्द्र मीणा की अंकतालिका संबंधी समस्या का तत्काल समाधान कराया गया।
-
जोधपुर के नरेश कुमार को परीक्षा में बैठने की अनुमति से जुड़े मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
-
अलवर निवासी निशा बाई वर्मा की टोकन राशि वापसी शिकायत पर भी अधिकारियों को तुरंत निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बारां, जोधपुर सहित विभिन्न जिलों के परिवादियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान सुनिश्चित किए गए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सीधा संवाद अभियान
मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर हेल्पलाइन केंद्र पहुंचकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। 181 हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
