वृंदावन/मथुरा, 10 अप्रैल 2026 /
उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक मोटर बोट अचानक पलट गई। इस दर्दनाक घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं और 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार नाव में करीब 25 से 30 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, वहीं लापता लोगों की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाव यमुना नदी में बने पंटून (पीपा) पुल या किसी ढांचे से टकरा गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंच गईं और बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नाव में सवार श्रद्धालु बाहर से दर्शन के लिए वृंदावन आए थे।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और भरोसा दिलाया कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है।
