अलवर, 8 मार्च 2026। राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने रविवार को अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र के टहला में देवनारायण मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री हेमसिंह भड़ाना और गुर्जर समाज के प्रमुख नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह, मेला और भंडारे का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बेढम ने कहा कि समाज के महान नेताओं और समाजसेवियों की प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने का कार्य करती हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़कर काम करने का आह्वान किया, ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सके।

महापुरुषों के जीवन से सीख लेने का आह्वान
उन्होंने कहा कि कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का सामाजिक योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना को सरल स्वभाव, समर्पण और विपरीत परिस्थितियों में भी कार्य करने वाले नेता के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने थानागाजी क्षेत्र के विकास और वंचित वर्गों को आगे लाने के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास किए।
बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं को सम्मानित किया गया। गृह राज्यमंत्री ने युवाओं को कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया।
मेले और भंडारे में उमड़ी भीड़
देवनारायण मंदिर परिसर में आयोजित मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
