अलवर | 10 अप्रैल 2026 । शहर में आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिलेगा जब 11 अप्रैल की शाम 7:30 बजे श्री श्याम परिवार सेवा समिति द्वारा “श्री श्याम चतुर्थ श्याम वंदना महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। जिलेभर के श्याम प्रेमी और संघटनों के लोग कार्यक्रम में आमंत्रित किये गए है।


प्रेस वार्ता में समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार श्याम जागरण को खास बनाने के लिए जींद (हरियाणा) के कलाकारों द्वारा 32 फीट ऊंचा और 70 फीट चौड़ा बाबा श्याम का विशाल दरबार सजाया गया है। पूरे कार्यक्रम को केसरिया थीम पर तैयार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को एक अलग आध्यात्मिक अनुभव मिलेगा।
जागरण से पहले होगा भंडारा
मीडिया प्रभारी महेंद्र गोयल ने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जूता-चप्पल स्टैंड, नाश्ते और खाने सहित अन्य व्यवस्थाओं की पूरी तैयारी की गई है। जागरण से पहले श्याम प्रेमियों के लिए भंडारे का आयोजन भी होगा। प्रेस वार्ता में “मचेगी धूम, आएंगे अलवर में बाबा श्याम” नाम से एक भजन और एक विशेष डायरी का भी विमोचन किया गया।
कलकत्ता के फूलों से होगा श्रंगार
कार्यक्रम में कोलकाता के फूलों से बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा और 56 भोग का प्रसाद अर्पित होगा। आयोजकों के अनुसार, इस महोत्सव की तैयारियां पिछले तीन महीनों से लगातार चल रही हैं। अब तैयारियो को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
छोटू सिंह रावणा सहित अन्य करेंगे बाबा का गुणगान
भजन संध्या में देशभर के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। जैसलमेर से छोटू सिंह रावण, वृंदावन से पारस लाडला, माधवी शर्मा और अलवर के स्थानीय कलाकार संजय शर्मा व मोहन यदूवंशी बाबा श्याम के भजनों से भक्तों को भाव-विभोर करेंगे।
अध्यक्ष रुपेश जैन ने बताया कि यह आयोजन अलवर के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन में एक यादगार पल साबित होगा, जहां हजारों श्रद्धालु एक साथ बाबा श्याम की भक्ति में लीन नजर आएंगे।
यह सदस्य रहे मौजूद
इस दौरान समिति के कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे, जिनमें अध्यक्ष रुपेश जैन, महामंत्री जयप्रकाश जैन, अनिल जैन, कुशल जैन, विमल जैन, कमल जैन, प्रदीप जैन, मनिस्ज जैन, नवीन अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
