जयपुर, 20 फरवरी 2026। राज्य के प्रतिष्ठित औद्योगिक उपक्रम राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) में चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। रीको ने विभिन्न संवर्गों में जारी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 7 मार्च 2026 कर दी है। इसके साथ ही चार संवर्गों में 23 नए पदों की वृद्धि भी की गई है।
रीको द्वारा जारी संशोधित जानकारी के अनुसार, सहायक लेखाधिकारी ग्रेड-द्वितीय का 1 पद, कनिष्ठ विधि अधिकारी के 10 पद, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय के 11 पद तथा प्रारूपकार का 1 पद बढ़ाया गया है। पदों की संख्या में वृद्धि के चलते आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि रीको ने 20 जनवरी 2026 को कंपनी सचिव, सहायक नगर नियोजक, प्रोग्रामर, सहायक लेखाधिकारी ग्रेड-द्वितीय, कनिष्ठ विधि अधिकारी, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय, प्रारूपकार एवं कनिष्ठ सहायक जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी।
वृद्धि के बाद पदों की स्थिति
वृद्धि के पश्चात अब रीको में—
-
कंपनी सचिव: 1 पद
-
सहायक नगर नियोजक: 1 पद
-
प्रोग्रामर: 1 पद
-
सहायक लेखाधिकारी ग्रेड-द्वितीय: 22 पद
-
कनिष्ठ विधि अधिकारी: 14 पद
-
निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय: 19 पद
-
प्रारूपकार: 9 पद
-
कनिष्ठ सहायक: 54 पद
पर भर्ती की जा रही है।
रीको ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले से ऑनलाइन आवेदन कर रखा है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे अभ्यर्थियों को पूर्व विज्ञापन में उल्लिखित शर्तों के अनुसार पात्र माना जाएगा।
रीको में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। भर्ती से संबंधित आवेदन प्रक्रिया, नियम एवं शर्तें, परीक्षा दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी रीको की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
