जयपुर, 24 फरवरी 2026।
सीकर जिले के विश्वप्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में आयोजित फाल्गुनी लक्खी मेले के दौरान उमड़ रही अपार भीड़ के बीच राजस्थान पुलिस ने आस्था के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। पुलिस का यह प्रयास है कि कोई भी श्रद्धालु, विशेष रूप से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक, अपने आराध्य बाबा श्याम के दर्शन से वंचित न रहे।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की मंशा के अनुरूप मेले में दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष वाहन और व्हीलचेयर सुविधा
सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पार्किंग स्थलों पर पहुंचने वाले दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए पुलिस द्वारा विशेष वाहन की व्यवस्था की गई है, जो उन्हें सीधे दर्शन केंद्र तक पहुंचाता है। वहां व्हीलचेयर उपलब्ध कराकर पुलिसकर्मी स्वयं उन्हें सुरक्षित और सम्मानपूर्वक बाबा श्याम के दर्शन करवा रहे हैं। बीते चार दिनों में दर्जनों दिव्यांग श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ ले चुके हैं।
हर श्रद्धालु हमारे परिवार का हिस्सा
एसपी नूनावत ने कहा कि खाटूश्यामजी धाम आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु पुलिस परिवार का सदस्य है। दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों की सेवा करना केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि श्रद्धा का विषय है। पुलिस बल को निर्देश दिए गए हैं कि मेले में अनुशासन के साथ-साथ आत्मीय और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखें।
सहायता केंद्रों से त्वरित मार्गदर्शन
पुलिस उपाधीक्षक आनंद राव ने बताया कि मेला क्षेत्र में थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन सहजता से मिल सके। किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिसकर्मी तुरंत सहायता प्रदान कर रहे हैं।
आपातकालीन सेवाएं 24×7 उपलब्ध
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए निम्न हेल्पलाइन सेवाएं सक्रिय हैं—
📞 पुलिस हेल्पलाइन: 112
📞 पुलिस सहायता: 9667600788
🚑 एम्बुलेंस सेवा: 108
सेवा ही सच्ची भक्ति
फाल्गुनी लक्खी मेले में जहां “श्याम नाम” की गूंज वातावरण को भक्तिमय बना रही है, वहीं राजस्थान पुलिस की सेवा भावना श्रद्धालुओं के मन में विश्वास जगा रही है। भीड़ के महासागर में जब कोई दिव्यांग भक्त मुस्कुराते हुए बाबा श्याम के दर्शन कर लौटता है, तो यह केवल प्रशासनिक सफलता नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना की जीत भी है।
