जयपुर, 11 FEB। राजस्थान सरकार के बजट 2026-27 को लेकर वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने इसे “समृद्ध राजस्थान” की दिशा में ऐतिहासिक और सर्वस्पर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के हर वर्ग—किसान, युवा और महिला—की उन्नति तथा राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए समर्पित है।
मंत्री शर्मा ने कहा कि बजट में आधारभूत संरचना, शिक्षा, चिकित्सा और पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, महिलाओं की सुरक्षा और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। किसानों की आय बढ़ाने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए ऐतिहासिक घोषणाएं की गई हैं, जिससे कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सिंचाई योजनाओं और सब्सिडी संबंधी प्रावधानों से किसानों का भविष्य सुरक्षित होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। इसके साथ ही “हरित राजस्थान” और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ‘हरियालो राजस्थान अभियान’ के तहत इस वर्ष 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन्यजीव संरक्षण के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं।
वन मंत्री ने कहा कि यह बजट युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने वाला है, जो राजस्थान को अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास और “आपनो अग्रणी राजस्थान” के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
