जयपुर, 6 मार्च 2026। भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर और त्वरित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा दे रहा है। इसी क्रम में अब यात्री अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भी प्लेटफॉर्म टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए रेलवे द्वारा शुरू किए गए RailOne एप का उपयोग किया जा सकता है। इस सुविधा से स्टेशन पर टिकट खिड़की के सामने लगने वाली लंबी कतारों से यात्रियों को राहत मिलेगी।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि यात्रियों को अब प्लेटफॉर्म टिकट लेने के लिए काउंटर तक जाने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने मोबाइल में रेलवन एप डाउनलोड कर आसानी से प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि एप के माध्यम से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया बेहद सरल है और कुछ ही मिनटों में टिकट जारी हो जाता है। टिकट जारी होने के बाद उसका डिजिटल स्वरूप मोबाइल में उपलब्ध रहता है, जिसे स्टेशन पर जांच के समय दिखाया जा सकता है।
भीड़ प्रबंधन में भी मिलेगी मदद
रेलवे अधिकारियों के अनुसार डिजिटल प्लेटफॉर्म टिकट की यह व्यवस्था यात्रियों के समय की बचत करने के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन में भी सहायक होगी। त्योहारों, छुट्टियों और विशेष अवसरों पर अक्सर प्लेटफॉर्म टिकट लेने के लिए लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है। मोबाइल एप के माध्यम से टिकट मिलने से यह समस्या काफी हद तक कम होगी।
रेलवे ने बताया कि एप के जरिए जनरेट किए जाने वाले प्लेटफॉर्म टिकट की वैधता भी पहले की तरह दो घंटे ही रहेगी।
पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ेंगी
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रेलवन एप का उपयोग करें और डिजिटल टिकटिंग की इस सुविधा का लाभ उठाएं। इससे टिकट काउंटर पर दबाव कम होगा और यात्रियों को तेज व सुगम सेवा मिल सकेगी।
डिजिटल टिकटिंग से नकद लेन-देन की आवश्यकता भी कम होगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों को सुविधाजनक सेवा मिलेगी।
