जयपुर | 21 मार्च 2026
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को ब्रज क्षेत्र के पवित्र तीर्थ गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर श्रद्धा अर्पित की। उत्तर प्रदेश से राजस्थान सीमा में प्रवेश करते ही उनका भव्य स्वागत किया गया।
राजस्थान सीमा पर हुआ पारंपरिक स्वागत
राष्ट्रपति के राजस्थान आगमन पर जल संसाधन मंत्री एवं जिला प्रभारी सुरेश सिंह रावत तथा गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह डेढ़म ने उनका स्वागत किया। इस दौरान ब्रज के प्रसिद्ध मयूर लोकनृत्य कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को खास बना दिया।
पैदल की गिरिराज महाराज की परिक्रमा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजस्थान सीमा में प्रवेश के बाद श्रद्धा भाव से पैदल परिक्रमा की। लोक कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों को देखकर वे भाव-विभोर नजर आईं और कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया।
कलाकारों के साथ खिंचवाई तस्वीरें
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने लोक कलाकारों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और उनकी कला की सराहना की। इस दौरान पूरा माहौल आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, पुलिस महानिरीक्षक कैलाश चंद्र विश्नोई, जिला कलक्टर डीग उत्सव कौशल, जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, भरतपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त कनिष्क कटारिया तथा जिला परिषद सीईओ मृदुल सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
