नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन का भारत आगमन पर हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति मैक्रॉन की यह यात्रा विशेष महत्व रखती है। मुंबई और उसके बाद दिल्ली में होने वाली बैठकों के दौरान रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि भारत और फ्रांस के बीच बढ़ता सहयोग न केवल दोनों देशों के लिए, बल्कि व्यापक वैश्विक समुदाय के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अलग-अलग पोस्ट में लिखा—
“भारत में आपका स्वागत है! भारत आपकी यात्रा और हमारे द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्सुक है। मुझे विश्वास है कि हमारी चर्चाएं विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेंगी और वैश्विक प्रगति में योगदान देंगी।
मुंबई और फिर दिल्ली में मिलते हैं, मेरे प्रिय मित्र।”
सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस यात्रा के दौरान भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और गहराई देने, निवेश और तकनीकी सहयोग बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर समन्वय को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।
