नई दिल्ली, 23 फरवरी 2026।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रतिष्ठित ईई बाफ्टा फिल्म पुरस्कार में बाल एवं पारिवारिक फिल्म श्रेणी में विजेता घोषित होने पर फिल्म बूंग से जुड़े सभी कलाकारों और तकनीकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि को मणिपुर और पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (British Academy of Film and Television Arts) ने ईई बाफ्टा फिल्म पुरस्कारों के तहत बच्चों और पारिवारिक फिल्म श्रेणी में ‘बूंग’ को विजेता घोषित किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बाफ्टा के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विशेष रूप से मणिपुर के लिए बेहद खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत में मौजूद अपार रचनात्मक प्रतिभा को वैश्विक मंच पर उजागर करता है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा,
“इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों को बधाई। यह सचमुच बहुत खुशी का पल है, खासकर मणिपुर के लिए। यह हमारे देश में मौजूद अपार रचनात्मक प्रतिभा को भी उजागर करता है।”
फिल्म ‘बूंग’ की इस अंतरराष्ट्रीय सफलता को भारतीय सिनेमा, खासकर पूर्वोत्तर भारत की रचनात्मक पहचान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
