अजमेर/जयपुर, 28 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार “सत्ता भाव से नहीं, संवेदनशीलता से काम करती है” और डबल इंजन सरकार राजस्थान को अवसरों की भूमि बना रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान, विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को गति देगा। उन्होंने बताया कि करीब 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं से सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में विकास को रफ्तार मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
युवाओं को 21,863 नियुक्ति पत्र
पीएम मोदी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की खबरें आती थीं, लेकिन अब सख्त कार्रवाई हो रही है। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाले 21,863 युवाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि डबल इंजन सरकार में युवाशक्ति सशक्त हो रही है।
नारी सशक्तीकरण पर जोर
प्रधानमंत्री ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान, मातृ वंदना योजना और उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां से ही सशक्त परिवार और समाज का निर्माण होता है।
कनेक्टिविटी से बढ़ेगा निवेश और पर्यटन
प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक सड़क, रेल और हवाई संपर्क से निवेश और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से होटल, परिवहन, गाइड और कारीगरों को भी लाभ मिलेगा।
सिंचाई और जल परियोजनाओं पर फोकस
उन्होंने ईआरसीपी और पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नदियों को जोड़ने की पहल से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
सूर्यघर योजना से ‘धूप’ बनेगी आमदनी
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान अब सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती बन रहा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है और प्रदेश के सवा लाख से अधिक परिवार इससे जुड़ चुके हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत वैश्विक ताकत बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 4 लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं, जिनमें सवा लाख से अधिक नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1.33 लाख नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के कृषि बजट में 1.19 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो जीएसडीपी का 5.55 प्रतिशत है। महिला सशक्तीकरण के तहत 16 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप राज्य सरकार ने ‘विकसित राजस्थान 2047’ का विजन दस्तावेज जारी किया है और 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
