जयपुर/अजमेर, 24 फरवरी 2026।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को अजमेर पहुंचकर नरेन्द्र मोदी की 28 फरवरी को प्रस्तावित यात्रा को लेकर तैयारियों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने सभा स्थल कायड़ विश्राम स्थली का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ बैठक ली और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगंतुकों की बैठक व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, यातायात एवं सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस एवं परिवहन विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे यातायात सुचारू रहे और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर राजस्थान को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ-साथ एचपीवी वैक्सीन की लॉन्चिंग की जाएगी। साथ ही, बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
