जयपुर | 26 मार्च 2026
जयपुर के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में पर्यटकों के लिए नया आकर्षण जुड़ गया है। जम्मू-कश्मीर से लाए गए हिमालयन काले भालुओं की एक नई जोड़ी को गुरुवार से आमजन के अवलोकन के लिए प्रदर्शित कर दिया गया है। भालुओं के लिए बनाए गए विशेष एनक्लोजर का उद्घाटन वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने फीता काटकर किया।
भालुओं का नाम रखा ‘हरि’ और ‘कमला’
उद्यान प्रशासन के अनुसार नर भालू की आयु करीब 30 माह तथा मादा भालू की आयु लगभग 21 माह है। वन मंत्री ने नर भालू का नाम “हरि” और मादा भालू का नाम “कमला” रखा। दोनों भालुओं को अब पर्यटक नजदीक से देख सकेंगे।
बाघ शावकों का भी हुआ नामकरण
कार्यक्रम के दौरान जैविक उद्यान में मौजूद बाघ शिवाजी और बाघिन रानी के पांच शावकों का नामकरण भी किया गया।
- नर शावक: सूर्या, शौर्य और विजय
- मादा शावक: अम्बे और वृंदा
इस मौके पर पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों में खास उत्साह देखने को मिला।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वन मंत्री एवं अधिकारियों ने जैविक उद्यान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संतुलन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) पवन कुमार उपाध्याय, मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. अरुण प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
