भोपाल/13 MARCH | मध्य प्रदेश के बाग नगर इलाके में अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पांच बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर एक घर में घुस गए और परिवार को बंधक बनाकर करीब 50 तोला सोने के जेवरात और साढ़े चार लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
नकली रेड के नाम पर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार बदमाश अधिकारी बनकर घर पहुंचे और जांच के नाम पर घर में प्रवेश किया। अंदर पहुंचते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को धमकाकर बंधक बना लिया और घर में रखी अलमारी व लॉकर खंगाल डाले। बदमाशों ने पूरी वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया।
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अधिकारी की पहचान बिना सत्यापन के घर में प्रवेश न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
