जयपुर, 9 मार्च 2026। बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका और विधायक मैथिली ठाकुर रविवार को जयपुर दौरे के दौरान प्रसिद्ध गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। मंदिर के भक्तिमय वातावरण और भजनों की गूंज के बीच वे अचानक भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
बताया जा रहा है कि मंदिर में चल रहे भजन, घंटियों की आवाज और श्रद्धालुओं की भक्ति से भरे माहौल ने उन्हें अंदर तक प्रभावित कर दिया। दर्शन करते समय वे कुछ देर तक भगवान के सामने हाथ जोड़कर बैठीं रहीं और भाव-विभोर नजर आईं।
सोशल मीडिया पर शेयर किया अनुभव
दर्शन के बाद मैथिली ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया पर इस भावुक क्षण का वीडियो साझा किया। उन्होंने बताया कि ऐसा आध्यात्मिक अनुभव उन्हें पहले कभी महसूस नहीं हुआ। मंदिर का माहौल, भजन और घंटियों की ध्वनि ने उनके मन को इतना छू लिया कि वे खुद को संभाल नहीं पाईं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे।
उन्होंने कहा कि उस समय ऐसा लगा जैसे मन का सारा बोझ हल्का हो गया हो।
जयपुर दौरे पर हैं मैथिली ठाकुर
मैथिली ठाकुर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जयपुर आई थीं और इस दौरान उन्होंने शहर में आयोजित कई कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। मंदिर में उनके साथ उनके भाई भी मौजूद थे। मंदिर में दर्शन के दौरान का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
