एनसीआर संदेश / अलवर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अलवर जिले के शिवालय “बम भोले” के जयकारों से गूंज उठे। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जिलेभर में विशेष सजावट, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। भक्त जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं।

त्रिपोलिया महादेव मंदिर में अलसुबह से लगी लाइन
शहर के प्रसिद्ध और प्राचीन त्रिपोलिया महादेव मंदिर में सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई। दूर-दराज से आए भक्त लंबी लाइन में लगकर भगवान महादेव के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर के बाहर महिलाये भोलेनाथ और मैया पार्वती के भजन गा रही है।
मंदिर में अलवर ही नहीं बल्कि अन्य शहरों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। शाम को भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा, जिसके मनमोहक दर्शन के लिए हजारों भक्तों के पहुंचेंगे।

शिवालयों में दिनभर होगी पूजा-अर्चना
महाशिवरात्रि के अवसर पर जिलेभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्त अपने नंबर का इंतजार कर शांतिपूर्वक पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिरों में “हर हर महादेव” और “बम भोले” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
प्रशासन और मंदिर समितियों की ओर से भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि दर्शन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। यह सिलसिला शाम तक जारी रहेगा।
अलवर के प्रमुख शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़
अलवर जिला भगवान शिव के कई प्राचीन और आस्था के केंद्रों के लिए प्रसिद्ध है। महाशिवरात्रि पर यहां विशेष श्रद्धा देखी जाती है। प्रमुख मंदिरों में शामिल हैं—
- नीलकंठ महादेव मंदिर
- नलदेश्वर महादेव मंदिर
- भर्तहरि शिव मंदिर
- तालवृक्ष स्थित शिव मंदिर
