जयपुर | 26 मार्च 2026
राजस्थान में तेल, गैस और उर्वरकों की आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यपूर्व एशिया में बने हालातों के बीच आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों और प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राजस्थान में पेट्रोल-डीजल, एलपीजी गैस और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा घबराने की कोई जरूरत नहीं है। राज्य सरकार पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाओं को मजबूत और प्रभावी बनाए हुए है।
सभी दलों से सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सभी दलों और प्रशासन को मिलकर राज्यहित में कार्य करना होगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से मिले सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार जनहित के हर सुझाव पर सकारात्मक रूप से काम करेगी।
अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी की सूचना प्रशासन को दें। इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर निगरानी टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
राज्य स्तर पर उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है, जबकि जिला स्तर पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएसओ और तेल कंपनियों के अधिकारियों की टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं।
समस्याओं के समाधान के लिए 181, 112 और 14435 हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं।
एलपीजी डिलीवरी के नए नियम
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए अब OTP अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही डिलीवरी बॉय को ग्राहक की पासबुक में एंट्री करना भी जरूरी होगा।
पीएनजी नेटवर्क बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सिटी गैस वितरण कंपनियों को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन तेजी से देने के निर्देश दिए। अस्पताल, होटल और रेस्टोरेंट जैसी व्यावसायिक इकाइयों को प्राकृतिक गैस अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रवासी राजस्थानियों की मदद जारी
बैठक के दौरान राजस्थान फाउंडेशन के देश-विदेश में संचालित 26 चैप्टर्स और 60 प्रवासी राजस्थानी संगठनों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि रियाद, कुवैत, बहरीन और दुबई सहित कई देशों में प्रवासी राजस्थानियों को सुरक्षित आवास, भोजन और स्वदेश वापसी में मदद दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी प्रवासी राजस्थानियों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
सभी दलों ने सरकार के प्रयासों की सराहना
बैठक में विपक्ष सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने गैस और तेल प्रबंधन को लेकर राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग व पीएनजी विस्तार जैसे सुझाव दिए।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक श्रीचंद कृपलानी, राजेंद्र पारीक, रामकेश, मनोज कुमार, डॉ. सुभाष गर्ग, अशोक कुमार कोठारी सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
