एनसीआर संदेश /अलवर। भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र के खुशखेड़ा स्थित फैक्ट्री में हुई भीषण आग के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित और समन्वित राहत-बचाव अभियान चलाया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पाया। फैक्ट्री परिसर की गहन तलाशी और रेस्क्यू ऑपरेशन पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में परिसर के भीतर किसी के फंसे होने की संभावना नहीं है। इस हादसे में सात लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है।
जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने घटनास्थल और चिकित्सा केंद्रों का निरीक्षण कर घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार हेतु दिल्ली रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा जयपुर से घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं और प्रशासन से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि घायलों को हर संभव उपचार और सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
औद्योगिक सुरक्षा पर बड़ा एक्शन
जिला प्रशासन ने खुशखेड़ा-भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए अगले सात दिनों में सभी औद्योगिक इकाइयों की व्यापक जांच के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान अग्नि सुरक्षा उपायों, वैधानिक अनुमतियों, संचालित गतिविधियों और श्रमिक सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि भ्रामक खबरों और अफवाहों से दूर रहें तथा इस दुखद समय में सहयोग बनाए रखें।
