जयपुर/अजमेर, 10 अप्रैल 2026 /
अजमेर जिले का केकड़ी शहर अब डिजिटल सुविधाओं की दिशा में बड़ी छलांग लगाते हुए राजस्थान का पहला फ्री वाई-फाई जोन बन गया है। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को केकड़ी नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस सुविधा का शुभारंभ किया।
इस योजना के तहत शहरवासियों को 24 घंटे निःशुल्क इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना में शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वाई-फाई राउटर स्थापित किए गए हैं, जिससे एक समय में लगभग 5 हजार लोग इंटरनेट से जुड़ सकेंगे। नागरिकों को करीब 5 एमबीपीएस की स्पीड से इंटरनेट सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल क्रांति का है और आने वाला दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का होगा। ऐसे में केकड़ी को फ्री वाई-फाई जोन बनाना एक दूरदर्शी कदम है, जिससे विद्यार्थियों, युवाओं, व्यापारियों और आमजन को नई संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में केकड़ी डिजिटल और आधारभूत सुविधाओं के मामले में एक मॉडल शहर के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
वहीं, केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने इसे शहर को स्मार्ट सिटी की दिशा में ले जाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। इनमें अप्रोच रोड, सीसी सड़क निर्माण, नालियां, अजमेर रोड पर स्वागत द्वार, बस डिपो की चारदीवारी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
