जयपुर, 23 फरवरी 2026।
राजस्थान की राजधानी जयपुर को एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि मिली है। जयपुर में ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक गवर्नरों (FMCBG) की प्रथम बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को शासन सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली।
मुख्य सचिव ने कहा कि जयपुर में ब्रिक्स की इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन राज्य के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। यह आयोजन राजस्थान की संस्कृति, पर्यटन, विकास और प्रशासनिक दक्षता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
4 से 7 मार्च तक प्रस्तावित कार्यक्रम
मुख्य सचिव ने 4 से 7 मार्च के बीच प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए मंत्रिस्तरीय बैठक, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के आगमन, आवास, परिवहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भ्रमण व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के लिए सुचारु परिवहन, पायलट वाहन और रूट क्लीयरेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
बैठक में आयोजन स्थल, होटलों, भ्रमण स्थलों और प्रमुख मार्गों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों, आयोजन स्थलों और भ्रमण पथों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत 24 घंटे चिकित्सा दल, एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और नजदीकी अस्पतालों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
आमेर किले में दिखेगी राजस्थान की संस्कृति
मुख्य सचिव ने आमेर किले में प्रस्तावित भ्रमण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान की लोकनृत्य, लोकसंगीत और अतिथि सत्कार की समृद्ध परंपरा की झलक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को मिलनी चाहिए। इसके लिए प्रशिक्षित गाइड, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
प्रतिनिधियों के लिए राजस्थान की कला एवं हस्तशिल्प से जुड़े स्मृति-चिह्न, पर्यटन पुस्तिका और प्रतिनिधिमंडलों के समन्वय हेतु लायज़न अधिकारियों की नियुक्ति व प्रशिक्षण पर भी चर्चा की गई।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वित्त मंत्रालय भारत सरकार के आर्थिक मामलात विभाग की अतिरिक्त सचिव अनु पी. मथाई, संयुक्त सचिव अमित सिंगला, निदेशक प्रकाश राजपुरोहित सहित भारतीय रिजर्व बैंक, गृह, पर्यटन, चिकित्सा, नगरीय विकास, वित्त और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य सरकार ने ब्रिक्स बैठक को सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
