एनसीआर संदेश /अलवर। होली एवं धुलंडी के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अलवर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि 2 और 3 मार्च को होने वाले होलिका दहन और धुलंडी के मद्देनजर जिलेभर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में जिले के प्रमुख बाजारों, चौराहों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। लगभग 500 पुलिस अधिकारी एवं जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।
हुड़दंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के नाम पर हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, अश्लील हरकतें करने या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शांति समिति की बैठकें आयोजित
त्योहार से पूर्व सभी थानाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर चुके हैं और आमजन से आपसी भाईचारे व सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई है।
आमजन से अपील
- पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि—
- त्योहार के दौरान मर्यादा व कानून का पालन करें।
- किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेशों पर ध्यान न दें।
- सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें और जबरदस्ती रंग न लगाएं।
- धार्मिक स्थलों का सम्मान करें।
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत जिला पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें।
