गोविंदगढ़, 17 फरवरी 2026। क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उपखंड गोविंदगढ़ में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) का सहायक अभियंता कार्यालय खुलेगा। यह घोषणा राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने की। यह मांग गोविंदगढ़ विधायक सुखवंत सिंह द्वारा उठाई गई थी।
सहायक अभियंता कार्यालय खुलने से पेयजल योजनाओं का समय पर और प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सकेगा। नवसृजित कार्यालय के अंतर्गत उपखंड गोविंदगढ़ की नगर पालिका गोविंदगढ़ और बड़ौदामेव सहित 28 से अधिक ग्राम पंचायतें शामिल की जाएंगी। इससे स्थानीय नागरिकों को पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अब उपखंड स्तर के कार्यालय लक्ष्मणगढ़ नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यालय की घोषणा से कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी की लहर है। स्थानीय नागरिकों ने इसे लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताते हुए विधायक सुखवंत सिंह का आभार जताया। क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस निर्णय से पेयजल आपूर्ति, रखरखाव और शिकायत निस्तारण में तेजी आएगी और जलदाय व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
