अलवर, 2 मार्च। अलवर जिले के राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में मरीजों को अब कैंसर एवं अन्य गंभीर रोगों की जांच के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो गई है। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने सोमवार को अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में फाइन निडल एस्पाइरेशन साइटोलॉजी (एफएनएसी) केंद्र का उद्घाटन कर जांच सेवाओं का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वन राज्यमंत्री ने कहा कि जिला अस्पताल में आधुनिक जांच सुविधा शुरू होने से गरीब एवं मध्यम वर्गीय मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब मरीजों को कैंसर व गांठों की जांच के लिए निजी लैब में हजारों रुपये खर्च नहीं करने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का लाभ अलवर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने और आमजन को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार ने बजट के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र में लगातार विस्तार किया है। कार्यक्रम के बाद मंत्री ने अपने दैनिक पौधारोपण संकल्प के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील चौहान ने बताया कि एफएनएसी कैंसर व अन्य रोगों की जांच की एक सरल, सुरक्षित और प्रभावी तकनीक है, जिसमें पतली सुई की सहायता से गांठ से कोशिकाएं लेकर जांच की जाती है। इसमें किसी प्रकार का चीरा या टांके की आवश्यकता नहीं होती और मरीज को भर्ती भी नहीं होना पड़ता।
राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. इन्दु सूद ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य मरीजों को सभी आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है और एफएनएसी केंद्र इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष मीणा ने बताया कि इस जांच के माध्यम से स्तन, गले, थायराइड एवं लिम्फ नोड जैसी गांठों की जांच आसानी से की जा सकेगी, जिससे कैंसर का शुरुआती अवस्था में ही पता लगाना संभव होगा। अब मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए जयपुर या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. नील शर्मा, डॉ. सुमन मीणा, डॉ. शिल्पा छाबड़ा, डॉ. रेनू राठौड़ सहित चिकित्सालय स्टाफ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
