नई दिल्ली, 15 मार्च 2026। राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने दिल्ली और कोलकाता में सक्रिय सोने की संगठित तस्करी और अवैध रूप से सोना पिघलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 14.13 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना, चांदी और नकदी जब्त की गई है। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत कुल 13.41 करोड़ रुपये मूल्य का 8,286.81 ग्राम सोना, 19.67 लाख रुपये की 7,350.4 ग्राम चांदी और 51.74 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की गई।
ट्रेन से दिल्ली लाया जा रहा था तस्करी का सोना
विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर DRI अधिकारियों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कोलकाता से ट्रेन से आए एक यात्री को रोका। उसके पास विदेशी मुहर वाला सोना था, जिसे स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति को सौंपा जाना था। मौके पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दिल्ली में अवैध गोल्ड मेल्टिंग यूनिट का खुलासा
आगे की जांच में दिल्ली में एक अवैध सोना पिघलाने वाली इकाई का पता चला, जहां विदेशी मूल के सोने को पिघलाकर उसमें मिलावट कर स्थानीय बाजार में बेचने की तैयारी की जाती थी। यहां से अतिरिक्त सोना, चांदी और नकदी बरामद की गई तथा यूनिट संचालक को भी गिरफ्तार किया गया।
कोलकाता से संचालित हो रहा था गिरोह
जांच आगे बढ़ने पर मामला कोलकाता तक पहुंचा, जहां गिरोह के सरगना को एक अन्य अवैध सोना पिघलाने वाली इकाई से पकड़ा गया। उसके साथ दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तस्करी से लाए गए विदेशी चिह्न वाले सोने को पिघलाकर उसकी पहचान मिटा देते थे और फिर रेल मार्ग से दिल्ली भेजकर बाजार में बेचते थे।
अधिकारियों ने बताया कि तस्करी, परिवहन और अवैध पिघलाने के नेटवर्क से जुड़े सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
