जयपुर, 31 मार्च। पुलिस मुख्यालय में मंगलवार को भावनात्मक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब पूरी सेवा अवधि एक ही पद पर समर्पित करने वाले दो कांस्टेबलों को स्वयं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने सम्मानित कर उनके योगदान को सलाम किया।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर संवेदनशील पहल करते हुए डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने अवकाश के बावजूद दोनों जवानों को अपने कक्ष में आमंत्रित किया और उनके कर्तव्यनिष्ठ सेवाकाल की सराहना की।
डीजीपी की अनूठी पहल बनी चर्चा का विषय
जयपुर आयुक्तालय में तैनात कांस्टेबल नन्दकिशोर मीणा (4874) और कैलाश चन्द (5132) ने अपने पूरे पुलिस जीवन में सिपाही पद पर रहते हुए सेवा दी। उनकी ईमानदार और समर्पित कार्यशैली को देखते हुए डीजीपी ने विभाग की ओर से स्मृति चिन्ह और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस दौरान पुलिस मुख्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल को प्रेरणादायक बताया।
सम्मान से बढ़ा पुलिस जवानों का मनोबल
पुलिसकर्मियों का कहना है कि विभाग के मुखिया द्वारा दिया गया यह सम्मान न केवल दोनों सेवानिवृत्त जवानों के लिए यादगार पल बना, बल्कि पूरी पुलिस फोर्स के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम साबित हुआ।
इस अवसर पर डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप सहित पुलिस मुख्यालय के कई अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।
