NCR SANDESH/खैरथल-तिजारा | 16 फरवरी। खुशखेड़ा–भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में हुई भीषण फैक्ट्री अग्नि दुर्घटना के बाद पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

राज्य मंत्री ने इसके बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा मोर्चरी में जाकर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हादसे से प्रभावित सभी व्यक्तियों को त्वरित और समुचित चिकित्सा व आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इसके पश्चात राज्य मंत्री पुलिस थाने पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घटना के कारणों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी, जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक खैरथल मनीष चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की समीक्षा के साथ घटना की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
