मुंबई/नासिक | 23 march /महाराष्ट्र के नासिक से सामने आए कथित ज्योतिषी और स्वयंभू ‘गॉडमैन’ अशोक खरात मामले ने पूरे राज्य की राजनीति और समाज में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। पुलिस ने गंभीर आरोपों के तहत अशोक खरात को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान उसके ठिकानों से दर्जनों आपत्तिजनक वीडियो और अहम सबूत मिलने का दावा किया गया है।
महिलाओं को जाल में फंसाने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, अशोक खरात खुद को ज्योतिषी और आध्यात्मिक गुरु बताकर महिलाओं का विश्वास जीतता था। आरोप है कि वह दैवीय शक्तियों और भविष्यवाणी का डर दिखाकर महिलाओं को अपने पास बुलाता था और उनका शोषण करता था।
एक महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज हुआ, जिसमें कई साल तक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए गए हैं।
छापे में मिले 58 आपत्तिजनक वीडियो
नासिक पुलिस की रेड के दौरान पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल उपकरणों से करीब 58 आपत्तिजनक वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हो सकते हैं।
राजनीति में भी मचा हड़कंप
इस मामले के सामने आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। महिला आयोग की कार्यप्रणाली और कुछ नेताओं से कथित संबंधों को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष पर भी इस्तीफे का दबाव बढ़ गया।
SIT जांच शुरू
सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर दिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का राजनीतिक और प्रभावशाली लोगों से कितना संबंध था।
कौन है अशोक खरात?
जानकारी के अनुसार, अशोक खरात पहले मर्चेंट नेवी में काम कर चुका था और बाद में ज्योतिष व आध्यात्मिक सलाहकार के रूप में प्रसिद्ध हुआ। वह खुद को “कैप्टन” कहता था और कथित रूप से बड़े नेताओं व उद्योगपतियों तक उसकी पहुंच बताई जाती थी।
