अलवर 12 फरवरी । शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान उर्फ सरकार को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दबोचा।

जिला पुलिस अधीक्षक अलवर सुधीर चौधरी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) काँबले शरण गोपीनाथ और वृत्ताधिकारी उत्तर शहर अंगद शर्मा के सुपरविजन में वैशाली नगर थानाधिकारी गुरुदत सैनी व डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। आरोपी पर जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लूट और अन्य गंभीर मामलों में था वांछित
एसपी ने बताया कि आरोपी फिरोज खान उर्फ सरकार (25) निवासी मस्जिद के पीछे कमलखा का बास, थाना वैशाली नगर लूट सहित कई संगीन मामलों में वांछित चल रहा था। वह थाना वैशाली नगर में दर्ज प्रकरण संख्या 266/2025 में फरार था।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर बहरोड़ टी-पॉइंट पर नाकाबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
विभिन्न थानों में दर्ज है मामले
एसपी ने बताया कि आरोपी एक हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ एनईबी, कोतवाली, राजगढ़ और वैशाली नगर थानों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं।
इनकी रही विशेष भूमिका
कार्रवाई में वृत्ताधिकारी उत्तर शहर, थाना प्रभारी वैशाली नगर, डीएसटी प्रभारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। कांस्टेबल जान मोहम्मद और रामु की विशेष सक्रियता भी उल्लेखनीय रही।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के खुलासे की कोशिश कर रही है।
