जयपुर | 25 जनवरी 2026 |
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव की अगुवाई में रविवार को अलवर टाइगर मैराथन साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली को प्रताप ऑडिटोरियम से रवाना किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री ने स्वयं साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
🚴♂️ फिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
केंद्रीय वन मंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान को अलवर संसदीय क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा देशभर में चलाई जा रही ‘संडे ऑन साइकिल’ मुहिम के तहत 10 किलोमीटर लंबी अलवर टाइगर मैराथन साइकिल रैली निकाली गई।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को ऊर्जा और नैतिक मूल्यों से जोड़ना, पर्यावरण संरक्षण तथा पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।
🏃♂️ 8 फरवरी को होगी अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर हाफ मैराथन
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 8 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर हाफ मैराथन के लिए अब तक 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण करा लिया है। प्रतिभागियों की बढ़ती रुचि को देखते हुए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 28 जनवरी तक बढ़ा दी गई है।
🌍 अलवर को विश्व पटल पर प्रमोट करने का आह्वान
यादव ने युवाओं, खिलाड़ियों एवं आमजन से अलवर टाइगर मैराथन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर जिले को विश्व पटल पर पहचान दिलाने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
