मनीष बावलिया /अलवर, 01 फरवरी । धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से अलवर शहर में 17 मार्च से 23 मार्च 2026 तक श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर प्रसिद्ध कथावाचक पं. इंद्रेश उपाध्याय कथा वाचन करेंगे। कथा का आयोजन विजयनगर मैदान में किया जाएगा, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।


श्रीमद् भागवत कथा को लेकर पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बन गया है। श्री श्यामा जू सेवा समिति अलवर द्वारा अलवर शहर के प्रमुख मार्गों, मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में होर्डिंग, पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। इन माध्यमों से श्रद्धालुओं को कथा आयोजन की जानकारी दी जा रही है और अधिक से अधिक लोगों को भागवत कथा से जुड़ने का आह्वान किया जा रहा है।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का सुंदर वर्णन किया जाएगा। पं. इंद्रेश जी उपाध्याय की कथा शैली सरल, भावपूर्ण और प्रेरणादायक मानी जाती है, जिसके कारण देशभर से श्रद्धालु उनकी कथाओं में शामिल होते हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, श्रीमद् भागवत कथा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आध्यात्मिक शांति और धार्मिक एकता का संदेश प्रसारित होगा। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। धार्मिक आस्था से जुड़ा यह आयोजन न केवल अलवर शहर बल्कि पूरे जिले के लिए आध्यात्मिक उत्सव के रूप में देखा जा रहा है।
