अलवर, 1 मार्च। होली के अवसर पर अलवर शहर में आयोजित पारंपरिक स्वांग कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने भाग लेकर स्वांग कलाकारों का सम्मान किया तथा स्वांग को विधिवत बाजार के लिए रवाना किया।
पहल सेवा संगठन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री शर्मा ने जिलेवासियों को रंगोत्सव होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नागौरी परंपरा से जुड़ा करीब 150 वर्ष पुराना राजशाही नानकशाही सेठ-सेठानी स्वांग अलवर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह स्वांग हर वर्ष होली से एक दिन पूर्व शहर के प्रमुख बाजारों में निकाला जाता है।

उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति, लोक नाट्य और सामाजिक सद्भाव के माध्यम से मनाया जाने वाला यह आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन देता है। ऐसे कार्यक्रम हमारी लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देते हैं।
स्वांग काशीराम सर्किल से शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए कंपनी बाग पहुंचा, जहां वन राज्यमंत्री ने कलाकारों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।
