अलवर | 12 मार्च/अलवर जिले में गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराएं नहीं। उन्होंने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की सप्लाई पहले की तरह नियमित और सामान्य रूप से जारी है।
गैस एजेंसियों को दिए गए निर्देश
प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित समय अनुसार उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर पहुंचाए जाएं, जिससे किसी भी नागरिक को परेशानी न हो।
शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर
गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
जिला कंट्रोल रूम: 0144-2338000
पुलिस हेल्पलाइन: 112
प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए विशेष टीमों का गठन भी शुरू कर दिया है।
25 दिन बाद ही होगी नई बुकिंग
जिला रसद अधिकारी विनोद जुनेजा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग एक रिफिल के बाद 25 दिन पूरे होने पर ही की जा सकेगी। बुकिंग के बाद सिलेंडर उपभोक्ता के घर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। सोशल मीडिया पर फैल रही गैस कमी की खबरें भ्रामक हैं।
